Jai Bhim Real Story: एक बेगुनाह की मौत, गायब लाश और वो वकील जिसने पुलिस सिस्टम की नींव हिला दी!
Habeas Corpus.... "You shall have the body"
अगर आपने सूर्या (Suriya) की फिल्म 'Jai Bhim' देखी है, तो यकीनन आपकी आंखों में आंसू और दिल में गुस्सा जरूर आया होगा। एक बेबस आदिवासी महिला, एक क्रूर पुलिस सिस्टम और एक वकील जो "इंसाफ" के लिए चट्टान बनकर खड़ा हो जाता है।
लेकिन दोस्तों, यह सिर्फ एक फिल्म नहीं है। यह 1993 की एक सच्ची घटना है।
आज FilmyGyaan पर हम जानेंगे उस काली रात का सच, जब खाकी वर्दी वालों ने एक बेगुनाह को सिर्फ इसलिए मार डाला क्योंकि वो गरीब था।
हंसी-खुशी उजड़ गई एक पल में: राजाकन्नु और सेंगनी की दुनिया
फिल्म की शुरुआत में हम देखते हैं कि राजाकन्नु और सेंगनी (असली नाम पार्वती) की दुनिया छोटी लेकिन साथ ही बेहद खूबसूरत थी। वे इरुला (Irula) जनजाति के लोग थे, जिनका काम खेतों से चूहे और सांप पकड़ना था।
गरीबी थी, लेकिन प्यार बेशुमार था। वे एक छोटी सी झोपड़ी बनाते हैं, सपने देखते हैं और अपनी मेहनत की रोटी खाते हैं। अगर भूखे सोते तब भी एक दूसरे के साथ ख़ुश थे। उन्हें नहीं पता था कि उनकी यही "जाति" और "गरीबी" उनके लिए श्राप बन जाएगी।
राजाकन्नु और सेंगनी की दुनिया सिर्फ उन दोनों तक सीमित नहीं थी। उनकी एक नन्ही सी बेटी थी, जो दिनभर मिट्टी में खेलती और शाम को अपने पिता की राह ताकती थी।
उसे नहीं पता था कि 'जाति' क्या होती है या 'पुलिस' क्या होती है। उसके लिए तो राजाकन्नु सिर्फ उसका 'अप्पा' (पिता) था, जो शाम को उसके लिए खाने को कुछ न कुछ जरूर लाता था।
और दर्दनाक बात यह थी कि सेंगनी उस वक्त गर्भवती (Pregnant) थी। उसकी कोख में उनका दूसरा बच्चा पल रहा था।
वो एक खुशहाल परिवार था। राजाकन्नु अपनी बेटी को कंधे पर बिठाकर घुमाता था और आने वाले बच्चे के सपने देखता था।
लेकिन उस एक झूठी चोरी के इल्जाम ने न सिर्फ एक पत्नी से उसका पति छीना, बल्कि उस छोटी बच्ची से उसका पिता और कोख में पल रहे बच्चे से उसका साया हमेशा के लिए छीन लिया। जब पुलिस उन्हें घसीटते हुए ले गई, तो वो बच्ची बिलखती रह गई... वो मंजर जो किसी पत्थर दिल को भी रुला दे।
वो झूठी चोरी और पुलिस का कहर
गाँव के प्रधान (President) के घर में जेवर चोरी होते हैं। प्रधान एक ऊँची जाती और पहुँच वाला व्यक्ति था। पुलिस को असली चोर ढूंढने में मेहनत नहीं करनी थी, उन्हें बस एक "बलि का बकरा" चाहिए था। राजाकन्नु, जो उस घर में सांप पकड़ने गया था, जो की पुलिस के लिए सबसे आसान शिकार था।
पुलिस राजाकन्नु को पकड़कर ले गई। जब घर की औरतों ने विरोध किया, तो उन्हें भी घसीटते हुए थाने ले जाया गया।
लॉकअप नहीं, वो 'नरक' था (The Brutal Torture)
इसके बाद जो हुआ, वह इंसानियत के नाम पर धब्बा है। पुलिस ने राजाकन्नु और उसके भाइयों को उल्टा लटकाकर इतना मारा कि उनकी हड्डियां टूट गईं। बस उनके शरीर में उनकी आत्मा क़ैद थीं, जो उस मार से छटपटा कर कभी भी उनके शरीर से बाहर निकल भागना चाहती थी।
लेकिन हैवानियत की हद तो रात में पार हुई।
शराब, खाकी और वो काली रात
पुलिसवाले शराब के नशे में धुत्त थे। उन्होंने राजाकन्नु को सच कबूलवाने के लिए उसकी गर्भवती पत्नी सेंगनी और दूसरी औरतों पर कहर बरपाया।
असलियत में पुलिसवालों ने सारी मर्यादाएं तोड़ दीं। औरतों को अर्द्ध-नग्न (Half-naked) करके, लाठियों और जूतों से बुरी तरह पीटा गया। वो चीखती रहीं, लेकिन खाकी वर्दी वालों को रहम नहीं आया।
उनका मकसद सिर्फ एक था— राजाकन्नु को इतना तोड़ दो कि वो वो गुनाह कबूल कर ले, जो उसने कभी किया ही नहीं था।
एक बेगुनाह की मौत और गायब लाश
उस काली रात, मार खाते-खाते राजाकन्नु खामोश हो गया। वो मर चुका था। उसकी रूह उसकी देह और उस तकलीफ़ को छोड़ कर जा चुकी थी।
पुलिस वालों के हाथ-पांव फूल गए। उन्होंने राजाकन्नु की लाश को एक बोरे की तरह उठाया और थाने से दूर ले जाकर एक सुनसान तालाब के पास फेंक दिया (कुछ रिपोर्ट्स के मुताबिक उसे सीमा पार फेंकने की कोशिश की गई)। अगले दिन कहानी बना दी गई— "राजाकन्नु पुलिस हिरासत से भाग गया है।" यहाँ पर पुलिस जिसका काम जनता की सुरक्षा करने का होता है, बिल्कुल उसके विपरीत एक अपराधी की तरह अपराध पर अपराध कर रही थी।
अकेली औरत और उम्मीद की किरण (The Lawyer Who Fought for Free)
इधर सेंगनी अपने पति का इंतजार करती रही। पुलिस उसे धमका रही थी। तब उसे कम्युनिस्ट पार्टी (CPI-M) के कार्यकर्ताओं ने सहारा दिया और बताया कि मद्रास में एक वकील है— के. चंद्रू।
एडवोकेट चंद्रू कोई आम वकील नहीं थे। अपने छात्र जीवन से ही वे एक एक्टिविस्ट थे। उन्होंने कसम खाई थी कि वे वकालत का इस्तेमाल पैसा कमाने के लिए नहीं, बल्कि गरीबों की आवाज़ बनने के लिए करेंगे। उस वक्त तक वे हज़ारों केस मुफ्त (Pro bono) लड़ चुके थे.
सेंगनी जब टूटी हुई चप्पल और आँखों में आंसू लिए उनके पास पहुंची, तो चंद्रू ने फीस की बात नहीं की। उन्होंने बस इतना कहा— "तुम्हें तुम्हारा पति मिले या न मिले, इंसाफ जरूर मिलेगा।"
Habeas Corpus: कानून का सबसे बड़ा हथियार
एडवोकेट चंद्रू ने मद्रास हाई कोर्ट में "Habeas Corpus" (बंदी प्रत्यक्षीकरण) याचिका दायर की। इसका मतलब होता है— "शरीर को प्रस्तुत करो"।
कोर्ट में पुलिस ने झूठ बोला कि राजाकन्नु भाग गया है।
हाई कोर्ट में रचा गया इतिहास (History in High Court)
आमतौर पर हाई कोर्ट में गवाही नहीं होती। लेकिन इस केस में एडवोकेट चंद्रू ने जजों को इतना मजबूर कर दिया कि हाई कोर्ट के इतिहास में पहली बार कोर्ट रूम के अंदर गवाह का कठघरा (Witness Box) लगाया गया।
जब पुलिस ने सेंगनी को डराया, तो चंद्रू ने जजों से कहकर सेंगनी को पुलिस प्रोटेक्शन दिलवाई। वो एक वकील पूरी पुलिस फोर्स पर भारी पड़ गया था।
फैसला, आखिरी आंसू और एक जज का उदय
आखिरकार सच की जीत हुई। कोर्ट ने माना कि पुलिस ने ही राजाकन्नु को मार डाला था। दोषी पुलिसवालों को उम्रकैद की सजा हुई।
लेकिन सबसे बड़ा और दिल तोड़ने वाला सच यह था— चोरी हुई ही नहीं थी!
जी हाँ, जिन गहनों के लिए राजाकन्नु की जान ली गई, वो गहने बाद में प्रधान के घर में ही मिल गए थे। सेंगनी को इंसाफ तो मिला, लेकिन उसका सुहाग उजड़ चुका था।
एडवोकेट चंद्रू के ऐसे ही बेमिसाल कामों को देखते हुए, 2006 में उन्हें मद्रास हाई कोर्ट का जज (Justice) बनाया गया। जज बनने के बाद भी उन्होंने 96,000 फैसले सुनाए, वकीलों को "My Lord" कहने से मना किया और अपनी सुरक्षा (Security) तक लेने से इनकार कर दिया।
रिटायरमेंट: शाही विदाई नहीं, लोकल ट्रेन का सफर
जस्टिस चंद्रू का असली कद उनकी रिटायरमेंट के दिन दिखा।
8 मार्च 2013 को जब वे रिटायर हुए, तो उन्होंने सरकारी लाल बत्ती वाली गाड़ी वहीं छोड़ दी।
वे हाई कोर्ट से पैदल निकले, लाइन में लगकर टिकट खरीदा और एक आम आदमी की तरह लोकल ट्रेन (Second Class) में बैठकर अपने घर गए।
उन्होंने साबित कर दिया कि इंसान का कद उसकी कुर्सी से नहीं, उसके विचारों से बड़ा होता है।
एक्टिंग: जब कलाकार किरदार बन गए (Acting Review)
इस फिल्म की सबसे बड़ी जीत इसकी कास्टिंग है। यहाँ कोई "हीरो" नहीं है, सब "किरदार" हैं।
• सूर्या (Suriya as Adv. Chandru):
सूर्या दक्षिण भारत के बहुत बड़े सुपरस्टार हैं, लेकिन इस फिल्म में उन्होंने अपना "स्टारडम" कहीं भी हावी नहीं होने दिया। उन्होंने एक आम वकील की तरह पैंट-शर्ट पहनी और अपनी आवाज और आंखों से अभिनय किया।
जब वो कोर्ट में बोलते हैं, तो लगता है कि सच में जस्टिस चंद्रू बोल रहे हैं। उन्होंने साबित कर दिया कि हीरो बनने के लिए हवा में उड़ने की जरूरत नहीं होती, कलम की ताकत ही काफी है।
• लिजोमोल जोस (Lijomol Jose as Sengni):
अगर इस फिल्म की कोई "आत्मा" है, तो वो लिजोमोल जोस हैं। उन्होंने सेंगनी (पार्वती) का किरदार इतनी शिद्दत से निभाया है कि आपको लगेगा ही नहीं कि आप कोई फिल्म देख रहे हैं।
पुलिस स्टेशन के बाहर उनका रोना, अपनी जेठानी को संभालना और फिर कोर्ट में उनकी वो खामोश उम्मीद... उनकी एक्टिंग देखकर पत्थर दिल इंसान भी पिघल जाए। यह परफॉरमेंस ऑस्कर लेवल की है।
• मणिकंदन (Manikandan as Rajakannu):
राजाकन्नु का रोल निभाना शारीरिक और मानसिक रूप से बहुत थकाने वाला था। लॉकअप के टॉर्चर सीन्स में मणिकंदन ने जो दर्द दिखाया है, वो देखकर रूह कांप जाती है। उनकी हंसी और उनकी तड़प, दोनों ही बहुत असली लगती हैं।
• प्रकाश राज (Prakash Raj as IG Perumalsamy):
प्रकाश राज एक मंझे हुए कलाकार हैं। उन्होंने एक ऐसे पुलिस ऑफिसर का रोल निभाया है जो सिस्टम का हिस्सा होते हुए भी सच का साथ देना चाहता है। उनका किरदार फिल्म को एक अच्छा बैलेंस देता है।
निष्कर्ष (Conclusion)
'जय भीम' सिर्फ बाबा साहेब का नारा नहीं है, यह एक विचारधारा है जो सिखाती है कि "शिक्षा और संघर्ष" से बड़ा कोई हथियार नहीं।
जस्टिस चंद्रू जैसे लोग उम्मीद जगाते हैं कि संविधान की ताकत के आगे बड़े से बड़ा तानाशाह सिस्टम भी घुटने टेक सकता है।
Rating: ⭐⭐⭐⭐⭐ (5/5)
IMDB : 8.8/10 (यह IMDb पर दुनिया की सबसे ज्यादा रेटिंग वाली फिल्मों में से एक रही है)
Where to Watch:
Must Watch: अगर आप भारतीय संविधान और कानून की असली ताकत देखना चाहते हैं।
🙏 एक छोटी सी अपील (Share This Story)
दोस्तों, राजाकन्नु और सेंगनी का दर्द 28 साल पुराना जरूर है, लेकिन हमारे समाज की कड़वी सच्चाई आज भी यही है।
जस्टिस चंद्रू ने अकेले लड़कर इतिहास बदल दिया था। हम उनके जैसा केस तो नहीं लड़ सकते, लेकिन उनकी इस सच्ची कहानी को शेयर करके लोगों को जागरूक जरूर कर सकते हैं।
मेरी आपसे गुजारिश है कि इस पोस्ट को सिर्फ एक 'मूवी रिव्यू' समझकर न छोड़ें। इसे अपने WhatsApp Groups और Status पर शेयर करें ताकि देश के हर नागरिक को पता चले कि 'Habeas Corpus' और 'संविधान' में कितनी ताकत होती है।
इंसाफ की आवाज़ दूर तक जानी चाहिए!
जय भारत ! जय संविधान! 🇮🇳




Comments
Post a Comment